ग्वालियर में स्मार्ट सिटी के बस स्टैंड पर न पीने का पानी, न बैठने की व्यवस्था

वर्ष 2018 में स्मार्ट सिटी ने बसों के संचालन के लिए सरकारी बस स्टैंड के पास जगह दी गई थी …

ग्वालियर,  स्मार्ट सिटी बस स्टैंड पर न पीने का पानी और न बैठने की व्यवस्था। यह अव्यवस्था 2018 से बनी हुई है। न स्मार्ट सिटी प्रबंधन यात्री सुविधाओं का ध्यान ले रहा है। न ही नगर निगम का फोकस है। जिम्मेदार एक दूसरे पर व्यवस्थाओं को लेकर टाल रहे हैं। हालात ये है कि स्मार्ट सिटी की बस से सफर करना है तो यात्रियों को भीषण गर्मी में तपते हुए इंतजार करना होगा।

वर्ष 2018 में स्मार्ट सिटी ने बसों के संचालन के लिए सरकारी बस स्टैंड के पास जगह दी गई थी। बसों के संचालन व बस पार्किंग का स्थान उपलब्ध कराया गया, तब से लेकर अब तक इस बस स्टैंड पर सुविधाएं नहीं की गई। एसी बसों का संचालन होने से लोग इन बसों की ओर आकर्षित भी हुए हैं, लेकिन सफर की शुरुआत करते वक्त यात्री की काफी हालत खराब हो जाती है।

यह हालात बस स्टैंड के अंदर, सिर्फ टिकट काटने वाले के लिए ही जगहः

-बस स्टैंड के संचालन के लिए दस बाय दस का कमरा दिया गया है, जिसमें सिर्फ टिकट काटने जारी करने वाला स्टाफ बैठता है। कुछ जगह बचती है तो बस का स्टाफ भी बैठ जाता है।

-बुकिंग कार्यालय के बाहर दो लोगों के बैठने की बैंच डाल दी है। यहां पर छांव भी नहीं है। जहां पर बैंच पड़ी हैं, वहां पर नगर निगम का सुलभ शौचालय बना हुआ है। बदबू के चलते बैठना भी मुश्किल होता है।

-डिपो के अंदर कांच फैले पड़े हैं। कांच चुभने से बसों के टायर पंचर हो जाते हैं। जिससे यात्रियों का इंतजार बढ़ जाता है।

-सीवर के चैंबर टूटे पड़े हैं। डिपो के अंदर सीवर बह रहा है। इसमें कभी बसें फंस जाती हैं।

यहां के लिए चलती हैं बसेंः शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, इंदौर, उज्जैन, भोपाल, भिंड के लिए बसों का संचालन किया जाता है। एसी व नान एसी बसों का संचालन किया जाता है। इन सफर करने के लिए लोगों को समय से आधा घंटे पहले पहुंचना पड़ता है।

वर्जन-

स्मार्ट सिटी बसों का संचालन कर रही है। यात्री सुविधाओं की जिम्मेदारी भी स्मार्ट सिटी की है। उन्हें जगह दे चुके हैं। पीने के पानी व बैठने की व्यवस्था स्मार्ट सिटी को बनाना चाहिए।

जेपी पारा, अधीक्षण यंत्री नगर निगम

वर्जन-

यह बात सही है कि बस स्टैंड पर यात्री सुविधा नहीं है। इसके लिए नगर निगम को अवगत कराया है। पत्र लिखने के साथ-साथ मौखिक रूप से बताया गया है। हमें जगह मिली है। यहां व्यवस्थाएं निगम को करना है। नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।

स्वप्निल श्रीवास्तव, नोडल आफिसर सूत्र सेवा स्मार्ट सिटी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *