ग्वालियर : साल 2022 की परिषद में 55 नए चेहरे …?

66 में से 55 पहली बार बने पार्षद, 35 महिलाएं भी जीतकर परिषद में आईं.

  • युवा जोश दिखेगा, लेकिन अनुभव की कमी नजर आएगी….

ग्वालियर में हुए नगर निगम चुनाव में नतीजे आने के बाद कई नए समीकरण बन रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि शहर निगम के 66 वार्ड में से 55 वार्ड में जीतने वाले प्रत्याशी पहली बार पार्षद बने है, जबकि 11 दूसरी बार या तीसरी बार पार्षद बनकर परिषद में पहुंचे हैं। मतलब साल 2022 की परिषद युवा और फ्रेश होगी, लेकिन यहां अनुभव की कमी भी साफ नजर आएगी। यहां यह भी बता दें कि इनमें से कुछ की पत्नियां पहले पार्षद रह चुकी हैं। इस बार 66 वार्ड में 35 महिला प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज कर परिषद में 50+1 प्रतिशत का आंकड़ा छुआ है।

साल 2014 में 49 सीट पर जीते थे नए चेहरे
ग्वालियर नई नगर निगम परिषद् में अनुभवी पार्षदों की कमी रहेगी। 66 वार्डों से जीतकर आने वाले पार्षदों में से 55 चेहरे वे हैं, जो इससे पहले कभी पार्षद नहीं बने हैं। पिछली परिषद में नए चेहरे वाले 49 पार्षद परिषद में पहुंचे थे। परिषद में ज्यादा नए चेहरों के पहुंचने का नुकसान भी है। परिषद में अनुभव की कमी साफ नजर आएगी। नए होने के कारण वे न तो निगम विधान को समझते हैं और न ही परिषद की कार्यपद्धति को। ऐसे में अधिकारी उन्हें अपने हिसाब से चला सकते हैं। जब तक वे निगम की प्रक्रिया को पूरी तरह समझ पाएंगे, तब तक आधे से ज्यादा कार्यकाल निकल चुका होगा।

महिला मेयर को परिषद में मिलेंगी 51 फीसदी महिलाएं
– इस बार मेयर का चुनाव महिला डॉ. शोभा सिकरवार जीती हैं। महापौर महिला होंगी तो उनकी परिषद में महिलाएं दिखनी चाहिए। इस बार परिषद में 66 वार्ड में से 35 वार्ड में महिला प्रत्याशी जीतकर पार्षद बनी हैं। मतलब साफ है कि मेयर और यह चुनी गई महिला पार्षद नई परिषद में महिलाओं के लिए सुरक्षा से लेकर विकास की नई योजनाओं को तैयार कर उसे अमल में लाने का प्रयास करेंगी।

कांग्रेस के 26 में से 24 पहली बार जीते
इस बार नगर निगम परिषद में कांग्रेस के 26 में से 24 पार्षद नए हैं। सिर्फ दो पार्षद विनोद यादव माटू और पूर्व मंत्री की बहू उपासना संजय यादव ही पहले जीतकर परिषद तक आ चुके हैं। इसके अलावा सभी नए चेहरे हैं। सबसे ज्यादा युवा पार्षद दक्षिण विधानसभा से हैं। यहां एक पार्षद की उम्र 50 के लगभग है शेष युवा हैं जिनकी उम्र 22 से 35 वर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *