वोट के लिए जनपद सदस्य के बेटे का अपहरण …? मुरैना के सुमावली से कांग्रेस विधायक ने 42 घंटे कैद रखा ….
MP में जनपद अध्यक्ष के लिए जोड़तोड़ शुरू…
मुरैना के सुमावली से कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिकरवार ने वोट के लिए युवक का अपहरण कर लिया। जौरा थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। पीड़ित युवक के भाई ने बताया कि उसकी मां जौरा जनपद सदस्य का चुनाव जीतीं हैं। अब जनपद अध्यक्ष के लिए चुनाव होना है। विधायक अपने खास को जनपद अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने मेरे छोटे भाई को अगवा किया। 42 घंटे तक कैद रखा। ताकि मेरी मां उनके प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकें। बता दें कि जनपद अध्यक्ष के लिए भाजपा-कांग्रेस ने जोड़तोड़ शुरू कर दी हैं।
जौरा पुलिस ने विधायक अजब सिंह कुशवाह और जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिकरवार पर अपहरण का केस दर्ज किया है। इस मामले में 7 साल की सजा का प्रावधान है। एफआईआर के बाद पुलिस ने सोमवार को उसे ग्वालियर के एक होटल से छुड़ाया। इस मामले में विधायक और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश गई लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।
घर के सामने से स्कार्पियो में जबरन ले गए
दीवान सिंह कुशवाह (30) ने बताया कि मेरी मां संपत्तिया कुशवाह जनपद सदस्य का चुनाव जीतीं हैं। हम लोग मुंदावजा में रहते हैं।16 जुलाई की रात उसके घर के बाहर सफेद रंग की स्कार्पियो आकर रूकी। उसमें सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह सिकरवार के साथ दो लोग और उतरे। उन्होंने उसके छोटे भाई दरोगा को जबरन स्कार्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया। उसे पहले मुरैना फिर ग्वालियर ले गए। वहां एक होटल में कैद कर रखा। 42 घंटे बाद पुलिस ने उसे वहां से मुक्त कराया।

जौरा जनपद में अध्यक्ष का होना है चुनाव
जौरा जनपद में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। जौरा में जनपद की सीट पुरुष वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। वार्ड 21 से नरेन्द्र सिकरवार (टिंकू) भेषरोली वाले अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। विधायक अजब सिंह उसे अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं। लिहाजा उसके लिए जनपद सदस्य के बेटे का अपहरण किया गया ताकि उसकी मां नरेंद्र सिकरवार के पक्ष में मतदान करें।

कांग्रेस के सदस्य अधिक फिर भी अपहरण
जौरा जनपद में कांग्रेस की पक्ष वाले 8 सदस्य जीते हैं जबकि भाजपा के 6 ही जीतकर आए हैं। इसके बावजूद अपहरण की इस वारदात को अंजाम दिया गया। ग्वालियर-चंबल अंचल में सदस्यों को प्रलोभन या दबाव के जरिए अपने समर्थन में करने की परंपरा रही है।
कई मामले दर्ज हैं विधायक कुशवाह पर
बता दें, कि सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह हमेशा से विवादों में रहे हैं। वह प्रॉपर्टी का काम भी करते हैं। ग्वालियर के महाराजपुरा थाने में उनके खिलाफ जमीन की खरीद-फरोख्त में बेईमानी करने को लेकर दो मामले पहले से दर्ज हैं तथा एक मामला गोला का मंदिर थाने में दर्ज हैं। गोला का मंदिर थाने में जो मामला दर्ज हैं उसमें जमीन मालिक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला शामिल है।
चुनावी रंजिश पर हो जाता है खून खराब
यह पहली बार नहीं है। ऐसा हर बार होता है। जनपद व जिला पंचायत में अध्यक्ष बनने के लिए रंजिश तक ठान लेते हैं। ऐसे में यह रंजिश सालों तक चलती है। ग्वालियर, भिंड व मुरैना में बीते तीन चुनावों में 12 हत्याएं सिर्फ चुनावी रंजिश के चलते हुई हैं।
युवक को होटल से छुड़ाया
मुरैना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मुरैना पुलिस ग्वालियर गई थी। युवक को गोला का मंदिर स्थित एक होटल से छुड़ा कर लाई है। मामले की जांच की जा रही है।
आशुतोष बागरी, पुलिस अधीक्षक, मुरैना