भोपाल : पूर्व मंत्री धुर्वे की पत्नी बोलीं-केंद्रीय मंत्री कुलस्ते ने मुझे चुनाव हरवाया,फग्गन ने कहा-वो अपने कर्मों से हारे; मैंने प्रदेश अध्यक्ष को सब बता दिया

  • भाजपा में अंदरूनी घमासान …?

 

  • केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्रियों के खिलाफ चुनाव हराने की शिकायतें लगातार प्रदेश संगठन के पास पहुंच रही
  • मंगलवार को डिंडोरी के नेता बड़ी संख्या में धुर्वे के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलने पहुंचे थे

नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद भाजपा में अंदरूनी घमासान मचा हुआ है। केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्रियों के खिलाफ चुनाव हराने की शिकायतें लगातार प्रदेश संगठन के पास पहुंच रही हैं। डिंडोरी में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हारने वालीं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे की पत्नी ज्योति धुर्वे ने केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को हार का जिम्मेदार ठहराया है।

मंगलवार को डिंडोरी के नेता बड़ी संख्या में धुर्वे के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलने पहुंचे थे। नेताओं ने कुलस्ते, जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत और 13 पदाधिकारियों के खिलाफ भितरघात और कांग्रेस को जितवाने की शिकायत की है। डिंडोरी में जिला पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस का बन गया है। यहां दोनों पार्टी के पास 5-5 सदस्य थे। ज्योति धुर्वे ने शिकायत की है कि छह सदस्य साथ थे। कांग्रेस के दो सदस्य समर्थन का बोल चुके थे। पार्टी का अध्यक्ष बनना तय था पर कुलस्ते ने सदस्यों को 5 दिन तक दिल्ली अपने पास बुला लिया। क्राॅस वोटिंग हो गई। धुर्वे के साथ जिला मंत्री समेत बाकी टीम ने इस्तीफे की पेशकश भी कर दी है।

…और कुलस्ते का जवाब, उनके साथ तीन आदमी भी नहीं थे
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वो तो अपने कर्मों से हारे। उनके साथ तीन आदमी भी नहीं थे। आप किसी से बात ही नहीं करोगे। उनसे ये भी नहीं कहोगे कि वोट देना, तो कोई क्या करेगा। मेरी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से इस विषय पर बात हो गई है।

अन्य मंत्री भी निशाने पर… भितरघात के गंभीर आरोप लगाए

जातिगत राजनीति के लिए हरवाया
हरदा में जनपद वाली तीनों सीट पार्टी हार गई। मंत्री कमल पटेल की चचेरी बहन रेवा पटेल कांग्रेस से जनपद अध्यक्ष बन गई। पटेल के खिलाफ जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा और मंडल अध्यक्ष गोलू राजपूत के साथ समर्थकों ने मोर्चा खोला है। आरोप लगाया है कि मंत्री जाट समाज को सारे पद दिलवा रहे हैं।

भार्गव, मलैया, प्रहलाद भी घिरे

दमोह में पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरण पटेल ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस का जिपं अध्यक्ष बनवाने में मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री जयंत मलैया और पूर्व विधायक लखन पटेल की भूमिका है। भार्गव और मलैया ने प्रत्याशी को नामांकन तक नहीं भरने दिया था। वहीं एक धड़े ने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *