वर्ष 2022 में प्रदेश में 12 लाख सात हजार 778 वाहन बिके

लोगों को मनचाहे माडल आसानी से मिले इसलिए हुई बढ़ोतरी

ग्वालियर। दो साल बाद वर्ष 2022 आटोमोबाइल कारोबार के लिए अच्छा रहा है। प्रदेश में 12 लाख सात हजार 778 निजी वाहन रजिस्टर्ड हुए हैं और 23.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के पीछे प्रमुख कारण लोगों को अपनी पसंद की गाड़ी आसानी से मिलना बताया जा रहा है। 2020 और 2021 में कोरोना के कारण वाहनों का उत्पादन कम हो गया था और लोगों को अपने मनपसंद माडल नहीं मिल पा रहे थे। वर्ष 2022 में कंपनियों ने वाहनों का उत्पादन बढ़ाया और लोगों को मनचाहे माडल उपलब्ध कराए। वर्ष 2022 में दोपहिया, चारपहिया व ट्रैक्टर, हार्वेस्टर बड़ी संख्या में रजिस्टर्ड हुए हैं। वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी होने से परिवहन विभाग को 2174 करोड़ से अधिक का राजस्व मिला है। राजस्व में भी 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

वर्ष 2020 व 2021 का वर्ष कोविड-19 से प्रभावित था। 2019 की तुलना में इन दो सालों में वाहनों की बिक्री में काफी गिरावट आई थी। लोग जिन माडल को पसंद कर रहे थे, वह आसानी से नहीं मिल रहे थे। चारपहिया वाहनों की स्थिति यह थी कि एक से डेढ़ साल तक वेटिंग पहुंच गई थी। काफी समय पहले बुकिंग करने के बाद भी वाहन लोगों को नहीं मिल रहे थे। 2022 में अधिकतर माडल लोगों को बुकिंग के एक महीने के भीतर मिल गए। कुछ माडल तो तत्काल लोगों को मिल गए। इसलिए 2022 में चारपहिया वाहनों की बिक्री एक लाख से अधिक रही।़मिेले से बंपर बिक्री की उम्मीद: परिवहन विभाग ने ग्वालियर व्यापार मेले से वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट का प्रविधान किया है। इस छूट के चलते पूरे प्रदेश से वाहन खरीदार ग्वालियर आते हैं। हर कंपनी अपना शोरूम भी मेले में बना रही है। इंदौर के लग्जरी गाड़ी बेचने वाले डीलरों ने भी मेले में अपने शोरूम बनाए हैं। मेले से वाहनों की बिक्री 25 हजार से ऊपर पहुंच सकती है। ग्वालियर व्यापार मेले के लिए कंपनियां ज्यादा वाहनों की आपूर्ति कर सकती हैं, जिससे लोगों को आसानी से वाहन मिल सकें।

वर्ष वाहन बढोतरी/गिरावट

2019 1279950 —

2020 1099661 -14%

2021 98572 -10.74

2022 1207728 23.4

2022 में दुपहिया व चार पहिया की बिक्री स्थिति

दुपिया- 969300

चार पहिया- 125443

ट्रैक्टर- 105497

अन्य वाहन- 7488

चार महानगरों में वाहन बिक्री की स्थिति

महानगर वाहन

भोपाल 88855

इंदौर 70549

जबलपुर 59859

ग्वालियर 52906

(वाहनों का आंकडा 2022 का है। गैर परिवहन वाहनों की स्थिति हैं, दुपहिया, चार पहिया सहित अन्य वाहन शामिल हैं।)

इनका कहना है

– कोविड-19 के चलते दो साल तक वाहनों का उत्पादन नहीं हो पा रहा था। इस वजह से लोगों को मनचाहे माडल नहीं मिल पा रहे थे। 2022 में कंपनियों ने वाहनों के निर्माण बढाया। लोगों को अासानी से वाहन मिल सके। इस वजह से 23 फीसद की बढ़ोतरी हुई है।

अरविंद सक्सेना, अपर आयुक्त परिवहन विभाग