ग्वालियर : कछुआ गति से चल रहा निर्माण ..!
34.96 करोड़ में पांच नई सड़कें बनाने की तैयारी, लेकिन पहले से बन रहीं कई सड़कें अब भी अधूरी
कछुआ गति से चल रहा निर्माण, गुणवत्ता का भी नहीं रखा जा रहा ध्यान
स्मार्ट सिटी बनाएगी ये सड़कें
ग्वालियर. स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन जल्द ही शहर में 34 करोड़ 96 लाख की लागत से पांच नई सड़कें बनाने जा रहा है। इनके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। लेकिन स्मार्ट सिटी द्वारा शहर में बनाई जा रहीं कई सड़कें लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं।इनमें थीम रोड, राजपायगा रोड, गैंडेवाली सड़क, सेवानगर की सडक (बाद में राशि व कार्य निगम को ट्रांसफर कर दिया) का काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है। जबकि इन प्रोजेक्ट की डेडलाइन निकल चुकी है। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जिम्मेदारों का कहना है कि इसी महीने में यह कार्य
● गेंडेवाली सड़क : 6 करोड़ 34 लाख में बनाई गई गेंडेवाली सड़क का निर्माण तो पूरा हो चुका है, लेकिन नाली बनाने का कार्य अभी भी जारी है। वहीं सड़क बनाने में नियमों का पालन नहीं किया गया है, इसलिए सड़क से गिट्टी उखड़ने लगी है।
● स्मार्ट रोड/ राजपायगा रोड: 300 करोड़ की लागत से बनाई जा रही स्मार्ट रोड का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। राजपायगा रोड पर भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसे लेकर संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, कमिश्नर व स्मार्ट सिटी सीईओ नाराजगी जता चुके हैं।
● सेवा नगर रोड: 11 करोड़ 99 लाख की लागत से फूलबाग से किलागेट तक बनाई जा रही सड़क भी आधी-अधूरी बनी है। कहीं डिवाइडर पूरे नहीं हुए हैं, तो कहीं सड़क खुदी पड़ी है। इसे लेकर लोगों में भी आक्रोश है।
टॉपिक एक्सपर्ट
सड़कें बनाने का सबसे अच्छा तरीका है सीमेंट कांक्रीट की बनाई जानी चाहिए। यह शुरूआत में महंगी हैं, लेकिन अधिक टिकाऊ हैं। वहीं डामर की विस्कोसिटी ग्रेड (वीजी) जितनी अधिक होगी डामर उतना ही हार्ड होगा और अधिक तापमान को सहन कर सकेगा। वर्तमान में शहर में वीजी-10 डामर का उपयोग हो रहा है जो 50 डिग्री से भी कम तापमान में पिघलने लगता है।
● चिरवाई नाका से गुड़ागुड़ी का नाका तक 8 करोड़ 45 लाख रुपए में सड़क बनाई जाएगी।
● हजीरा से पड़ाव, रेलवे स्टेशन होते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-4 तानसेन रोड तक की सड़क 6 करोड़ 73 लाख रुपए में बनाई जाएगी।
● कलेक्ट्रेट तिराहे से रेलवे स्टेशन तक 8 करोड़ 2 लाख रुपए में सड़क बनाई जाएगी।
● नाका चंद्रबदनी से रेलवे रोड तक 3 करोड़ 34 लाख रुपए में सड़क बनाई जाएगी।
● कलेक्ट्रेट तिराहे से अलापुर चौराहे तक 8 करोड़ 42 लाख रुपए में सड़क बनाई जाएगी।
जो काम बचा है उसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा
स्मार्ट सिटी की ओर से पांच नई सड़कें बनाने के लिए टेंडर लगाए गए हैं। जल्द ही इनका निर्माण शुरू होगा। गेंडेवाली सड़क, राजपायगा रोड का काम लगभग पूरा हो चुका है। जो काम बचा है उसे इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा।
नीतू माथुर, सीईओ स्मार्ट सिटी