साल बदला पर अपराध का पैटर्न नहीं…नए साल में लूट और झपटमारी के मामले दर्ज !!!!
साल बदला, लेकिन अपराध का पैटर्न नहीं बदला। बीते साल पेंडेंसी के बोझ से बचने के लिए जिन शिकायतों पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई, वही मामले नए साल की पहली तारीख में एक-एक करके लूट एवं झपटमारी के दर्ज किए गए हैं।
रिकॉर्ड दुरुस्त रखने की कवायद में पीड़ितों की शिकायतें कितनी आसानी से टाल दी गईं। साल के पहले दिन छोला मंदिर में लूट के मामले में साधारण धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर ई-रिक्शा चालक से 7200 रुपए लूट लिए। गोविंदपुरा और निशातपुरा ने झपटमारी एवं मोबाइल चोरी की एफआईआर दर्ज की हैं। इन सभी घटनाओं को दिसंबर में बदमाशों द्वारा अंजाम दिया गया था।
गर्दन पर छुरी रख नकदी और ऑटो की चाबी छीन ले गए छोला मंदिर पुलिस के मुताबिक मूलत: गढ़ाकोटा, सागर निवासी 29 वर्षीय आसिफ खान विश्वकर्मा नगर, निशातपुरा में रहकर सवारी ऑटो चलाता है। आसिफ ने बताया कि 29 दिसंबर की रात करीब 2.30 बजे वह रेलवे स्टेशन से ऑटो लेकर घर जा रहा था।
नादरा बस स्टैंड के पास दो युवकों ने ऑटो रुकवाया और कल्याण नगर चलने की बात कही। दोनों से 120 रुपए किराया तय हुआ। कल्याण नगर 80 फीट रोड पर पहुंचते ही बदमाशों ने 500 रुपए के चेंज पूछे। आसिफ ने जैसे ही पैसे निकाले, दोनों ने उसका हाथ पकड़ लिया। आरोपियों ने छुरी निकालकर गर्दन और पेट पर वार किया।
उसे धमकाकर मोबाइल, पर्स में रखे 6300 रुपए और हाथ में मौजूद 900 रुपए लूट लिए। मारपीट कर ऑटो की चाबी लेकर फरार हो गए।
रास्ते में पल्सर सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल छीना
जनता क्वार्टर, करोंद निवासी 18 वर्षीय विशाल शाक्य ने पुलिस को बताया कि वह मिस्त्री का काम करता है। उसका मौसेरा भाई राज शाक्य नादरा बस स्टैंड स्थित मंडी में चाय की दुकान पर काम करता है। 3 दिसंबर की रात 10.40 बजे दोनों काम खत्म कर बैटरी ऑटो से घर लौट रहे थे।
हाउसिंग बोर्ड करोंद फ्लाईओवर पर पीछे से काली पल्सर पर सवार तीन बदमाश आए। बाइक चालक ने ऑटो के पास आकर राज शाक्य के हाथ से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गया। दोनों भाइयों ने ऑटो से ग्रीन सिटी हॉस्पिटल तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। निशातपुरा पुलिस ने गुरुवार को विशाल की शिकायत पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
लाइब्रेरी से लौट रहे छात्र से एक्टिवा सवार बदमाशों ने लूटा मोबाइल
मूलत: खैरी तायगांव, पांढुर्ना निवासी 30 वर्षीय सौरभ गजभिए ओल्ड सुभाष नगर में किराए पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। सौरभ 2 दिसंबर की रात 10.30 बजे वह एमपी नगर जोन-टू स्थित लाइब्रेरी से मोबाइल पर बात करते हुए पैदल घर लौट रहा था।
रचना नगर पुलिया के पास पीछे से एक्टिवा सवार दो युवक आए मोबाइल झपटकर फरार हो गए। सौरभ ने घटना की शिकायत थाने में की थी। गोविंदपुरा पुलिस ने एक महीने बाद अज्ञात दो युवकों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज किया है।
ऑटो में यात्रा के दौरान मोबाइल चोरी, अज्ञात पर चोरी का केस
सेमरा, अशोका गार्डन निवासी 28 वर्षीय रोहित लोधी ड्राइवरी करता है। रोहित ने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर की रात 08 बजे वह मिनाल रेसीडेंसी गेट नंबर-2 से सीएनजी ऑटो से अपने घर सेमरा आ रहा था। तभी ईको ग्रीन, अयोध्या नगर बाइपास पर घर जाने के लिए ऑटो से उतरा। इस बीच सीएनजी ऑटो में किसी व्यक्ति ने रोहित का मोबाइल गायब कर दिया। छोला मंदिर पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।

