मध्य प्रदेश

भिंड में डीएड, नर्सिंग, आईटीआई समेत 90 से अधिक निजी कॉलेजों में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ उजागर !!!

भिंड में डीएड, नर्सिंग, आईटीआई समेत 90 से अधिक निजी कॉलेजों में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ उजागर, कलेक्टर ने लिया बड़ा एक्शन

कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा का मानना है कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू होने से फर्जी छात्रों और फर्जी स्टाफ की पहचान आसानी से हो सकेगी. इससे यह सुनिश्चित होगा कि जो छात्र वास्तव में कॉलेज में उपस्थित होकर पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें ही छात्रवृत्ति का लाभ मिले. कलेक्टर ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग यदि निजी कॉलेजों में कम से कम बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू करवा दें, तो इस तरह के फर्जीवाड़े पर बड़ी हद तक रोक लगाई जा सके.

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में संचालित डीएड, बीएड, नर्सिंग, आईटीआई, पैरा मेडिकल और फार्मेसी कॉलेजों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था. यहां 90 से अधिक निजी कॉलेजों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने उच्च शिक्षा विभाग और छात्रवृत्ति विभाग को पत्र लिखकर कॉलेजों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू करने की अनुशंसा की है.

कलेक्टर ने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि कॉलेजों में छात्रों और शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था आवश्यक की जाए, जिससे केवल वही छात्र छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी लाभ प्राप्त कर सकें, जो वास्तव में नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहते हैं.

फर्जी छात्रों और फर्जी स्टाफ की पहचान की होगी पहचान

दरअसल, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा का मानना है कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू होने से फर्जी छात्रों और फर्जी स्टाफ की पहचान आसानी से हो सकेगी. इससे यह सुनिश्चित होगा कि जो छात्र वास्तव में कॉलेज में उपस्थित होकर पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें ही छात्रवृत्ति का लाभ मिले. कलेक्टर ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग यदि निजी कॉलेजों में कम से कम बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू करवा दें, तो इस तरह के फर्जीवाड़े पर बड़ी हद तक रोक लगाई जा सके.

फर्जीवाड़े की शिकायतों के बाद हुई थी जांच

बताया जा रहा है कि कलेक्टर को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले के कई निजी कॉलेजों में छात्र नियमित रूप से कक्षाएं लेने नहीं पहुंचते. इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन द्वारा उन्हें नियमित छात्र दिखा कर उनके नाम पर छात्रवृत्ति की राशि निकाली जा रही है. शिकायतों में यह भी सामने आया कि कई कॉलेज प्रबंधन मोटी रकम लेकर दूसरे राज्यों के छात्रों को एडमिशन दे देते हैं और पढ़ाई की बजाय केवल परीक्षा के समय छात्रों को बुलाया जाता है.

कागजों में चल रहे थे कॉलेज, मौके पर न छात्र मिले न शिक्षक

जांच में सामने आया कि कई कॉलेजों में शिक्षक और छात्र केवल कागजों में दर्ज थे. वास्तविक स्थिति यह थी कि संस्थान में न तो स्टाफ मौजूद था और न ही छात्र. कई कॉलेजों में क्लासरूम खाली पाए गए, जबकि रिकॉर्ड में उपस्थिति नियमित दर्शाई जा रही थी. कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि जांच रिपोर्ट में कई कॉलेजों में फैकल्टी अनुपस्थित मिली और छात्रों की उपस्थिति भी संदिग्ध पाई गई. इसके साथ ही कई जगह पर यह भी सामने आया कि कॉलेजों द्वारा कागजों में दिखाया गया स्टाफ वास्तव में संस्थान में मौजूद ही नहीं था.

बंद कॉलेजों से चलाया जा रहा फर्जीवाड़े का खेल

जांच में यह बात भी सामने आई कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्रों को नियमित दिखाने के लिए फर्जी हस्ताक्षर कर उपस्थिति दर्ज की जाती थी. दूसरे राज्यों से प्रवेश लेने वाले कई छात्र कॉलेज आते ही नहीं थे. कॉलेज प्रबंधन उन्हें परीक्षा के समय बुलाकर औपचारिकता पूरी कराता था. इसके अलावा कई कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षक भी केवल कागजी रिकॉर्ड में दर्ज मिले. हालांकि, कॉलेज प्रबंधन की ओर से दावा किया जाता था कि नियमित पढ़ाई कराई जा रही है, लेकिन जांच में पढ़ाई की स्थिति बेहद कमजोर और कई जगह पूरी तरह बंद पाई गई.

20 जांच टीमें बनाकर कराया गया था भौतिक सत्यापन

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राजस्व विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शामिल कर 20 जांच टीमें गठित की थी. प्रत्येक टीम में तीन-तीन सदस्य रखे गए थे. इन टीमों ने जिले के भिंड, मेहगांव, गोहद, लहार, अटेर और फूप क्षेत्र के 90 से अधिक निजी कॉलेजों का भौतिक सत्यापन किया. जांच टीमों ने जब कॉलेजों का निरीक्षण किया, तो कई कॉलेजों में छात्र-छात्राएं नहीं मिले. शिक्षकों की उपस्थिति भी नाममात्र थी. कई संस्थानों में भवन की स्थिति भी खराब पाई गई. एक कॉलेज की बिल्डिंग तक नहीं मिली. जांच के दौरान एक बड़ा चौंकाने वाला मामला भी सामने आया, जहां एक कॉलेज का नाम रिकॉर्ड में दर्ज था, लेकिन जब जांच टीम मौके पर पहुंची, तो कॉलेज की बिल्डिंग ही नहीं मिली. इसके बावजूद कॉलेज संचालित दिखाकर प्रवेश व छात्रवृत्ति संबंधी गतिविधियां की जा रही थीं.

डाइट प्राचार्य ने भी की थी डीएड-बीएड कॉलेजों की जांच

मामले में डाइट प्राचार्य आनंद शर्मा ने भी डीएड और बीएड कॉलेजों की अलग से जांच कराई थी. जांच में कई कॉलेजों में छात्र संख्या बेहद कम मिली और टीचिंग स्टाफ भी रिकॉर्ड के अनुसार मौजूद नहीं पाया गया. डाइट प्राचार्य ने भी अपना प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर को सौंप दिया है

जिले में 90 से अधिक कॉलेजों में इस तरह की गड़बड़ी सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. मामले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कई निजी कॉलेज शिक्षा देने के बजाय केवल डिग्री और छात्रवृत्ति के नाम पर कारोबार कर रहे हैं. अब प्रशासनिक स्तर पर जांच रिपोर्ट के आधार पर कॉलेजों की मान्यता, छात्रवृत्ति वितरण और स्टाफ रिकॉर्ड की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

……………………………………….

सीबीआई जांच में अपात्र भिंड के दो कॉलेज सील, शेष 8 ​नर्सिंग कॉलेजों की भी जांच होगी
भिंड2 वर्ष पहले

प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों की जांच में घोटाला सामने आने के बाद भिंड में भी इसका ​असर दिखा है। यहां कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने दो कॉलेजों को सील करा दिया है। इन दोनों कॉलेज की सीबीआई द्वारा जांच की जा चुकी थी, जिसमें दोनों कॉलेज में कमियां निकली थीं। इसके अलावा अभी आठ नर्सिंग कॉलेजों की जांच होना शेष है। इसके लिए कभी भी सीबीआई की टीम भिंड आ सकती है। इधर, सीएमएचओ ऑफिस ने भी नर्सिंग कॉलेजों को संबद्धता नहीं दी है। सभी के आवेदन लंबित चल रहे हैं।

मालूम हो, कि सीबीआई द्वारा प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों की जांच की जा रही थी। लेकिन इस जांच में ही सीबीआई अफसरों ने गड़बड़ी कर दी। इनके द्वारा रिश्वत लेकर अनफिट कॉलेजों को भी पात्र बता दिया गया। मामला पकड़ में आने के बाद इनकी फिर से जांच कराई जा रही है। हाईकोर्ट ने एक याचिका की सुनवाई करते हुए कहा है कि अब 2020 के बाद खुले सभी नर्सिंग कॉलेजों की जांच दोबारा कराई जाएगी। वर्तमान में भले ही वह कॉलेज बंद हो गया हो। इसमें नर्सिंग का डिप्लोमा कराने वाले नर्सिंग कॉलेज भी शामिल होंगे। इतना ही नहीं, इस बार हर टीम में एक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति भी अनिवार्य करने के आदेश दिए गए हैं।

भिंड के इन दो कॉलेज को किया गया सील भिंड के तीन नर्सिंग कॉलेज की सीबीआाई ने पहले चरण में जांच की ​थी। इस जांच में आयुष्मान नर्सिंग कॉलेज और मां कृष्णा नर्सिंग स्कूल अपात्र पाए गए थे। सीबीआई का रिश्वतकांड पकड़ में आने के बाद शासन से भिंड कलेक्टर को निर्देश दिए गए। इसके बाद कलेक्टर ने इन दोनों कॉलेज को सील करने के निर्देश दिए, जिस पर भिंड तहसीलदार मोहनलाल शर्मा ने मां कृष्णा नर्सिंग स्कूल को सील कर दिया। इनमें मां कृष्णा नर्सिंग स्कूल तो गायत्री बीएड/डीएड कॉलेज की बिल्डिंग में संचालित हो रहा था।

दो नर्सिंग कॉलेज सील ^दो नर्सिंग कॉलेजों को सील करा दिया गया है। इनके संबंध में शासन स्तर से निर्देश आए थे। अन्य कॉलेजों की जांच आदि के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं आई है। संजीव श्रीवास्तव, कलेक्टर

अभी भिंड जिले में एक भी नर्सिंग कॉलेज चालू नहीं नर्सिंग कॉलेजों में अस्पताल की सुविधा देना अनिवार्य है। इसके अलावा अब इनको ऑक्सीजन प्लांट लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि भिंड जिले में अभी एक भी नर्सिंग कॉलेज चालू नहीं है। कुछ कॉलेजों द्वारा आवेदन दिए गए हैं, लेकिन अभी इनको संबद्धता जारी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *