Delhi: ई-बसों की दौड़ में देश की नंबर-1 राजधानी बनी दिल्ली !!!
Delhi: ई-बसों की दौड़ में देश की नंबर-1 राजधानी बनी दिल्ली, महाराष्ट्र को पीछे छोड़ रचा इतिहास
Delhi News: दिल्ली में रामलीला मैदान पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को डीटीसी में शामिल कर राजधानी में ई-बस सेवा का शुभारंभ किया.ई-बसों की दौड़ में दिल्ली बनी नंबर-1
Delhi News: दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन में रविवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है. रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में शामिल किया. इस ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली से पानीपत के बीच अंतरराज्यीय ई-बस सेवा का भी शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राजधानी में 500 नई ईवी बसों के आने से दिल्ली देश में सबसे बड़े ई-बस बेड़े वाला राज्य बन गया है
इस विशेष कार्यक्रम में दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, डॉ. पंकज कुमार सिंह, रविंदर इंद्राज, कपिल मिश्रा, विधायकगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत देकर एक मजबूत और निर्णायक सरकार का गठन किया है, जिसके एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरी दिल्ली बधाई की पात्र है.
उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों की दिल्ली को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रही हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिल्ली की जनता को 500 नई इलेक्ट्रिक बसों का उपहार देना एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है.
500 नई इलेक्ट्रिक बसों का एतेहासिक प्रवेश
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बड़े-बड़े वादे किए, होर्डिंग लगाए और घोषणाएं कीं, लेकिन ज़मीन पर परिणाम नहीं दिखे. इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने धरातल पर कार्य करते हुए यह सिद्ध किया है कि यह परिणाम देने वाली सरकार है. उन्होंने कहा कि सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन की नीति, प्रशासन में डिजिटल पारदर्शिता और निर्णयों में जवाबदेही बीते एक वर्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दी है.
उन्होंने आगे कहा कि जहां नीयत सही होती है, वहीं नीति सही बनती है और सही नीति से निर्णायक नेतृत्व का निर्माण होता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इसी भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को और आगे बढ़ाएगी.
इलेक्ट्रिक बसों से स्वच्छ और आधुनिक परिवहन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली के इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ा गया है. इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या अब 4,000 से अधिक हो गई है, जो दिल्ली को देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाले शहर के रूप में स्थापित करती है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इसके साथ ही, दिल्ली–पानीपत के बीच आज तीन नई इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है, जिससे हज़ारों यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा. साथ ही सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 7,500 तक पहुंचाने का है, जबकि वर्ष 2028 तक 14,000 ईवी बसों को डीटीसी के बड़े में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
दिल्ली सरकार का एक वर्ष: विकास और विश्वास की यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 फरवरी 2025 का दिन दिल्ली के लिए ऐतिहासिक था, जब दिल्ली की जनता ने 70 में से 48 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देकर स्पष्ट जनादेश दिया. उसी दिन से दिल्ली के विकास की नई नींव रखी गई. उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत देकर दिल्ली की जनता ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अपना विश्वास प्रकट किया और ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ एक स्थिर एवं निर्णायक सरकार का गठन हुआ.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 वर्षों के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और उसी क्षण से राजधानी में विकास और विश्वास की नई रेखाएं खींची जाने लगीं. उन्होंने कहा कि हमारे सभी विधायक, मंत्री और पूरी टीम ने बीते 365 दिनों में दिल्ली की जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और वर्षों से अटकी, लटकी और भटकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार एक व्यापक और प्रभावी ईवी पॉलिसी भी जल्द लेकर आ रही है, जिससे परिवहन व्यवस्था में स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार के दौरान घोषित ईवी सब्सिडी का भुगतान नहीं हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार ने उस मद के 40 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया है. उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए पिंक कार्ड, मोबिलिटी कार्ड जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनकी सरकार का आकलन केवल कागज़ी आंकड़ों से नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती आधुनिक बसों और आम जनता को मिल रही बेहतर परिवहन सुविधाओं से किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने डीटीसी को भारी अव्यवस्था और लगभग 65,000 करोड़ रुपये के नुकसान की स्थिति में छोड़ दिया था.
इसके विपरीत, वर्तमान सरकार डीटीसी को उस घाटे से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठा रही है और इसे एक आधुनिक, भरोसेमंद और आत्मनिर्भर परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि भविष्य में यह न केवल और बेहतर सेवाएं दे सके बल्कि लाभकारी संस्था भी बन सके. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्षों की अव्यवस्था को सुधारने में समय लगेगा, लेकिन माननीय प्रधानमंत्री जी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प के साथ दिल्ली सरकार विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है.
अंतरराज्यीय ई-बस सेवा से बेहतर कनेक्टिविटी
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वे नितिन नवीन जी का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने दिल्ली के लिए 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम सार्वजनिक परिवहन को और सशक्त करेगा, दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगा तथा इसे स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त दिशा में आगे ले जाएगा.
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली–पानीपत के बीच शुरू की गई नई अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी. यह सेवा लगभग 86 किलोमीटर लंबी है और दिल्ली सिंघु बॉर्डर, हरियाणा सिंघु बॉर्डर, राय, बहालगढ़, कुमासपुर, मुरथल, गनौर, पट्टी कल्याणा, समालखा, करहंस और माचरोली जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुज़रेगी, जिससे क्षेत्रीय संपर्क को नई मजबूती मिलेगी. डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न और माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एक विश्वस्तरीय, टिकाऊ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के निर्माण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है.
दिल्ली ने स्वच्छ और सतत परिवहन के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में ई-बसों के क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त कर लिया है. रामलीला मैदान में 500 नई ईवी बसों के जुड़ने के साथ ही, दिल्ली में अब कुल 4,286 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं, जिससे राजधानी ने अब तक शीर्ष स्थान पर रहे महाराष्ट्र (4,001 ई-बसें) को पीछे छोड़ दिया है.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार ई-बसों की संख्या के मामले में कर्नाटक (1,989), गुजरात (1,041), तेलंगाना (875) और उत्तर प्रदेश (874) का स्थान है. यह उपलब्धि दिल्ली को न केवल देश की सबसे बड़ी ई-बस फ्लीट वाला राज्य बनाती है, बल्कि राजधानी को ग्रीन मोबिलिटी और क्लीन ट्रांसपोर्ट का राष्ट्रीय मॉडल भी स्थापित करती है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यह सफलता दिल्ली सरकार की उस दूरदर्शी नीति का परिणाम है, जिसके तहत सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और जनसुलभ बनाया जा रहा है. बीते एक वर्ष में सरकार ने तेज़ गति से ई-बसों को दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में शामिल किया है, जिससे न केवल प्रदूषण में कमी आई है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती परिवहन सुविधा भी मिली है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल संख्यात्मक वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी, ज़ीरो-एमिशन ट्रांसपोर्ट और भविष्य-तैयार शहरी मोबिलिटी सिस्टम का निर्माण करने के लगतार प्रभावी प्रयास चल रहे हैं.
दिल्ली–पानीपत ई-बस सेवा के दैनिक समय
दिल्ली से पानीपत: सुबह 7:00, 7:30, 8:30 तथा दोपहर 3:00, शाम 4:00, 5:00 बजे
पानीपत से दिल्ली: सुबह 10:00, 10:30, 11:30 तथा शाम 6:00, 7:00, रात 8:00 बजे

