दिल्ली में नकली कैंसर दवाओं के खिलाफ सरकार की बड़ी कार्रवाई, 25 दवा फर्मों की जांच !!!
दिल्ली में नकली कैंसर दवाओं के खिलाफ सरकार की बड़ी कार्रवाई, 25 दवा फर्मों की जांच
Delhi News: इस विशेष एनफोर्समेंट ड्राइव के तहत ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की कई टीमों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कैंसर की दवाएं बेचने वाली 25 रिटेल और होलसेल दवा फर्मों का निरीक्षण किया.

राजधानी दिल्ली में कैंसर जैसे गंभीर रोग से जूझ रहे मरीजों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नकली और घटिया कैंसर रोधी दवाओं की आशंका के बीच दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने पूरे शहर में विशेष निरीक्षण और सख्त कार्रवाई अभियान चलाया. यह कार्रवाई दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई, जिसका मकसद मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है.
इस विशेष एनफोर्समेंट ड्राइव के तहत ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की कई टीमों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कैंसर की दवाएं बेचने वाली 25 रिटेल और होलसेल दवा फर्मों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान ईस्ट, साउथ, वेस्ट और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के प्रमुख अस्पताल क्षेत्रों और दवा बाजारों को कवर किया गया. लक्ष्मी नगर, यूसुफ सराय, ग्रीन पार्क, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, पश्चिम विहार, द्वारका और रोहिणी जैसे इलाकों में गहन जांच की गई.
55 दवाओं के सैंपल लिए गए
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली छह कंपनियां सामने आईं. इन सभी के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. विभाग ने कुल 55 दवाओं के सैंपल लिए, जिनमें 22 एंटी-कैंसर दवाओं के सैंपल और 33 लीगल सैंपल शामिल हैं.
लैब रिपोर्ट आने पर होगी सख्त कार्रवाई
इन सभी सैंपल को जांच और गुणवत्ता परीक्षण के लिए लैब भेजा गया है. लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि बाजार में नकली या घटिया दवाओं की बिक्री पूरी तरह रोकी जा सके.
‘लोगों के जीवन से नहीं होगी खिलवाड़’
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर की दवाएं जीवन रक्षक होती हैं और इनकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता मरीजों की जान के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक वे स्वास्थ्य मंत्री हैं, तब तक नकली या घटिया दवाओं के जरिए दिल्ली के नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि दवाओं की सप्लाई चेन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अस्पतालों और मेडिकल स्टोर तक केवल सुरक्षित और असरदार दवाएं ही पहुंचें.
गौरतलब है कि देशभर में समय-समय पर नकली दवाओं के मामले सामने आते रहे हैं, जिनसे मरीजों की जान को गंभीर खतरा होता है. कैंसर जैसी बीमारी में मरीज लंबे समय तक इलाज कराते हैं और महंगी दवाओं पर निर्भर रहते हैं. ऐसे में नकली दवाएं न सिर्फ इलाज को बेअसर बनाती हैं, बल्कि मरीज की हालत और बिगाड़ सकती हैं.
जारी रहेंगे ऐसे अभियान- स्वास्थ्य मंत्री
दिल्ली सरकार ने इस मामले में ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. आम जनता और अस्पतालों से भी अपील की गई है कि वे दवाएं केवल लाइसेंस प्राप्त मेडिकल स्टोर से ही खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट को दें. सरकार का साफ संदेश है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और दिल्ली में हर मरीज को असली व अच्छी गुणवत्ता की दवाएं मिलेंगी.

