लीज अवधि बढ़ाने के बाद निवेशकों को न्योता !

प्रदेश में पर्यटन विकास का मॉडल अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। सरकार अगले वित्तीय वर्ष में खजुराहो कन्वेंशन सेंटर, पचमढ़ी गोल्फ कोर्स, उज्जैन के होटल और इंदौर की प्रमुख संपत्तियों सहित करीब 8 से 10 बड़ी पर्यटन परिसंपत्तियों को निजी समूहों को पीपीपी मॉडल पर देगा।
इसका उद्देश्य सरकारी निवेश का बोझ घटाकर निजी पूंजी से सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना। लीज की बजाय इस मॉडल पर सरकार इन सम्पतियों के राजस्व में पार्टनर बनकर अधिक आय भी लेती रहेगी।
हाल ही में भोपाल के लेक व्यू होटल को निजी समूह को सौंपा गया है। इसमें पहले साल से कम से कम 3 करोड़ मिलेंगे, तीन साल में परिचालन शुरू होते ही न्यूनतम 10 करोड़ मिलेंगे। आगे इसमें बढ़ोत्तरी भी होगी। इसके अलावा अभी भोपाल में हयात, हिल्टन व हॉलिडे इन जैसे बड़े ब्रांड स्थानीय भागीदारों के साथ नए प्रोजेक्ट विकसित कर रहे हैं।
लीज के साथ अब पर्यटन विभाग ने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई है। विभाग के पास अभी 8 संपत्तियां पहले से निजी लीज पर हैं और अब पीपीपी मॉडल पर बड़े निवेश लाने की तैयारी है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बीते वर्ष लीज अवधि 30 साल से बढ़ाकर 60 व 90 साल तक कर दी गई है।
खजुराहो, इंदौर, शहड़ोल व उज्जैन की इन संपत्तियों का प्लान
सरसी आइलैंड… शहडोल में ब्योहारी के पास बने सरसी आइलैंड के पास स्थित दूसरे आइलैंड को जोड़कर निवेशक को देने का प्लान है। पहले चरण में बने 10 कमरे भी निवेशक को मिलेंगे। पूरे प्रोजेक्ट को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म के हब के रूप में विकसित करेंगे।
खजुराहो: कन्वेंशन टूरिज्म को बढ़ावा
2019-21 के बीच बने राजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर को पीपीपी मोड पर दिया जाएगा। यहां 1200 लोगों की बैठने की क्षमता, 500 वाहनों की पार्किंग, मीटिंग हॉल और सेमिनार रूम हैं। इसे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में भी निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इससे लगी 4-5 एकड़ जमीन भी है, जिस पर निवेशक होटल विकसित कर पाएगा।
पचमढ़ी:18-होल गोल्फ कोर्स
1927 में रोमन कैथोलिक मिशन द्वारा बनाए गए 9 होल गोल्फ कोर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर की 18-होल सुविधा में बदला जाएगा। 2007 में इसे हेरिटेज हिल रिसोर्ट में परिवर्तित किया गया था। टेंडर प्रक्रिया जारी है। इससे हाई-एंड पर्यटन और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना है। इससे जुड़ा क्लब व्यू प्रॉपर्टी व आर्मी क्लब भी निवेशक ले सकेगा। क्लब का अधिग्रहण पर्यटन कर चुका है।
उज्जैन: छोटे होटल बनेंगे बड़े ब्रांड
महाकाल लोक के बाद उज्जैन में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। अभी 15 से 16 कमरों के ढांचे में सीमित अवंतिका और ग्रैंड होटल को पर्यटन निगम आधुनिक, बड़े होटल में बदलेगा। निजी निवेश से कमरे, कॉन्फ्रेंस सुविधा बढ़ेगी।
इंदौर में 5 एकड़ जमीन
इंदौर में कृषि कॉलेज के पास पर्यटन विभाग ने 5 एकड़ जमीन हासिल की है। आसपास अच्छी रिहायशी बस्ती है। यहां होटल सहित हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की योजना बनाई जा रही है। एक बड़े भूखंड को लेकर फैसला अंतिम चरण में है।
वजह- विभाग खुद होटल या इन्फ्रा में पैसा नहीं लगाएगा
विभाग अब खुद होटल या अधोसंरचना निर्माण में पूंजी नहीं लगाएगा। {निजी क्षेत्र से निवेश और संचालन दक्षता लाने का प्रयास होगा। {लंबी लीज अवधि से निवेशकों को सुरक्षा देने की कोशिश। {पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना।
अगले वित्तीय वर्ष में 8 से 10 बड़ी संपत्तियों को लीज पर देने की तैयारी है। अतिरिक्त जमीन पर प्रोजेक्ट के विस्तार से सरकार को अधिक आय मिलेगी। -इलैयाराजा टी, एमडी, पर्यटन बोर्ड

