शहर के ट्रैफिक की सूरत सुधारेंगे ये 6 परियोजना ; इनमें से सुभाष नगर आरओबी और कलियासोत ब्रिज इसी महीने हो जाएंगे शुरू

शहर के अलग-अलग इलाकों में ब्रिज, आरओबी और फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। इनके बनने व शुरू होने के बाद शहर की अस्त-व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार होगा। कलियासोत नदी पर जेके हॉस्पिटल से गुरुकुलम तक बना ब्रिज व लंबे समय से उद्घाटन की राह देख रहा सुभाष नगर आरओबी इसी महीने शुरू हो जाएंगे, पर कलियासोत नदी पर 5 साल से तैयार वॉल्मी ब्रिज की एप्रोच रोड की अड़चन अभी बरकरार है। गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर तक बन रहे फ्लाईओवर का भी 40% निर्माण पूरा हो चुका है। बैरागढ़ की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए लालघाटी से सीहोर नाका तक फ्लाईओवर बनाया जा सकता है।

1. लालघाटी से सीहोर नाका तक 2.7 किमी लंबा फ्लाईओवर मंजूर

बैरागढ़ में बीआरटीएस बन जाने के बाद ट्रैफिक अस्त-व्यस्त हो गया है। मेन रोड की दुकानों का अतिक्रमण और लोडिंग रिक्शा व अन्य वाहनों की पार्किंग से सर्विस लेन और कॉरिडोर की मिक्स लेन पर गाड़ी के लिए जगह नहीं बचती है। इस समस्या का हल लालघाटी से सीहोर नाका तक 2.7 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाकर हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस के सुझाव पर तैयार किए गए पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है। लगभग 175 करोड़ रुपए के इस फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय को भेजा गया है।

2. जीजी फ्लाईओवर का काम 60% बाकी

गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर (जीजी) तक लगभग 2 किमी लंबा राजधानी के सबसे लंबे फ्लाईओवर का निर्माण का काम जारी है। मेट्रो रूट के समानांतर बन रहे इस ब्रिज से रानी कमलापति स्टेशन, बोर्ड ऑफिस चौराहा, शिवाजी नगर और एमपी नगर क्षेत्र के ट्रैफिक की बड़ी समस्या हल हो जाएगी। इस फ्लाईओवर की डेडलाइन 2024 है, पर काम की रफ्तार देखकर कहा जा सकता है कि यह पहले पूरा हो जाएगा।

3. वाल्मी ब्रिज एप्रोच रोड की अड़चन बरकरार
लगभग 5 साल से कलियासोत नदी पर तैयार वाल्मी ब्रिज की एप्रोच रोड की अड़चन अब भी बरकरार है। इस ब्रिज पर ट्रैफिक शुरू हो जाने से मेन कोलार रोड का 25 फीसदी ट्रैफिक डाइवर्ट हो सकता है।

4. 690 मीटर लंबा सुभाष नगर आरओबी, 3 लाख आबादी को फायदा

लगभग 2 साल से तैयार सुभाष नगर आरओबी पर भी ट्रैफिक शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में है। आरओबी की एप्रोच रोड पर आने-जाने के लिए मेट्रो के पिलर को रोटरी की तरह इस्तेमाल करना होगा। यहां ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए सिग्नल लग गए हैं। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर (ब्रिज) एसके खांडे के अनुसार इस महीने के अंत तक इस पर ट्रैफिक चालू हो सकता है। लगभग ₹40 करोड़ से बने इस 690 मीटर लंबे ब्रिज से 3 लाख आबादी को फायदा होगा।

5. कलियासोत ब्रिज- 20 फीसदी तक ट्रैफिक होगा कम

कलियासोत नदी पर जेके हॉस्पिटल से बावड़ियाकलां स्थित गुरुकुलम को जोड़ने वाला ब्रिज तैयार है। साढ़े 5 करोड़ से बने इस ब्रिज पर इस महीने ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। ब्रिज बन जाने से कोलार मेन रोड की ट्रैफिक समस्या में काफी राहत होगी। मेन कोलार रोड का 20% ट्रैफिक इस ब्रिज से होकर गुजरेगा।

6. रेतघाट से इमामी गेट- सड़क चौड़ीकरण अटका हुआ है

बीआरटीएस प्रोजेक्ट के साथ ही मंजूर रेत घाट से इमामी गेट तक सड़क चौड़ीकरण अटका है। कभी अतिक्रमण, कभी जमीन अधिग्रहण तो कभी बजट की कमी के नाम पर निगम इस सड़क का निर्माण नहीं कर सका। लगभग 2 साल पहले केंद्र सरकार ने यहां 2 किमी लंबे फ्लाईओवर की सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *