ई-श्रम पोर्टल पर 10 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों ने रजिस्ट्रेशन कराया, PM मोदी ने लिखा-यही तो संकल्प से सिद्धि की यात्रा है
देश के असंगठित कमागारों और मजदूरों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ देने के लिए श्रम और रोजगार मंत्रालय ने ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत की है। इस साल 26 अगस्त को इस पोर्टल को लॉन्च किया गया था। इसके बाद बुधवार शाम तक इस पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के करीब 10 करोड़ श्रमिक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
इस उपलब्धि पर केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा- ई श्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की कटिबद्धता का परिचायक है। भविष्य में 400 से अधिक व्यवसाय में 38 करोड़ से अधिक श्रमिक, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ कहीं भी और कभी भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेयर करते हुए लिखा-यही तो संकल्प से सिद्धि की यात्रा है। देश के करोड़ों श्रमिकों और कामगारों का सामर्थ्य आज नए भारत का आधारस्तंभ बन रहा है। उनकी सामाजिक सुरक्षा में ही देश का मजबूत भविष्य छिपा है।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2021/12/01/481c48d4-d01b-4126-9ced-5b6e74ec6d09_1638374189.jpg)
इस योजना के फायदे
श्रम मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि जिन श्रमिकों ने अपना रजिस्ट्रेशन ई-श्रम पोर्टल पर कराया है, उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत लाभ दिए जाएंगे। वहीं श्रम और रोजगार मंत्रालय पहले साल का प्रीमियम देगा। इसके तहत दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण विकलांगता की स्थिति में दो लाख रुपए का रिस्क कवरेज दिया गया है।
जबकि आंशिक विकलांगता के लिए एक लाख रुपए मिलेंगे। वहीं अगर कोई इमरजेंसी या आपदा आती है तो इन मजदूरों को मदद प्रदान की जाएगी। इतना ही नहीं मजदूरों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से शुरू की जाने वाली योजनाओं का सीधा लाभ देने के लिए इस डाटाबेस को आधार बनाया जाएगा और सभी के हिसाब से योजनाएं बनाकर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।