राजा भैया से भास्कर की बातचीत …… बोले- मैं जेल में भी रहा, जेल मंत्री भी; मेरी पार्टी 100 सीटों पर लड़ेगी; सपा को समर्थन नहीं

राजा भैया की पार्टी ‘जनसत्ता दल’ 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया ने कहा कि वह भाजपा को समर्थन दे सकते हैं, पर सपा का साथ नहीं देंगे। 36 महीने जेल में रहने के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जेल मंत्री भी रह चुका हूं और जेल में भी रह चुका हूं।

राजस्थान के उदयपुर पहुंचे राजा भैया से ………..के रिपोर्टर ………शर्मा ने खास बातचीत की। पढ़िए इंटरव्यू…

सवाल: यूपी विधानसभा चुनाव में किस दल के साथ रहेंगे?
जवाबः कुंडा की जनता ने लगातार 6 बार निर्दलीय विधायक चुनकर यूपी विधानसभा भेजा है। पहला चुनाव सबसे कम उम्र में सबसे ज्यादा वोटों से जीता था। सर्वाधिक दलों वाला प्रदेश है और सबसे बड़ी विधानसभा है। जनसत्ता दल प्रदेशवासियों का शुभचिंतक है। गठबंधन होगा या नहीं होगा, यह अलग बात है, लेकिन यह तय है कि 100 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सपा को समर्थन नहीं देंगे। यह उनके (पूर्व सीएम अखिलेश यादव) आचरण और भाषा से स्पष्ट है। भाजपा को समर्थन देने पर विचार कर सकते हैं।

सवालः आपका दल 100 सीटों पर चुनाव लड़ा तो कितनी जीतेंगे?
जवाबः पहलवान अखाड़े में जीतने की उम्मीद के साथ उतरता है और पूरा दम-खम लगाता है। हमारे कार्यकर्ता जोर लगाने को तैयार हैं। जनसत्ता दल से जनता प्यार करती है। हमारे बगल की बाबागंज विधानसभा से विनोद सरोज की सुरक्षित सीट है। जनसत्ता कितनी सीटें जीतेगा, इस बार पता चल जाएगा।​

सवाल: पोटा सहित 47 मुकदमों से छवि पर क्या असर पड़ा?
जवाबः मुझ पर 47 मुकदमे लगाना एक सरकार विशेष की देन थी। बहुत-सी चीजें मोरली राइट होती हैं और लीगली रॉन्ग होती हैं। एफआईआर दर्ज हुई, कोर्ट में ट्रायल हुए और आज उनसे बरी होकर आए हैं। 36 महीने जेल में रहा। कई जेलों में टहले हुए हैं। राजनीतिक व्यक्ति अगर संघर्ष कर जेल जाता है तो वह उसकी उपलब्धि है। इससे और मजबूत होने का अवसर मिलता है। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के अलावा लालकृष्ण आडवाणी जैसे कई कद्दावर नेता इंदिराजी की इमरजेंसी की ही देन हैं। जो संघर्ष करता है, उसका जनता के बीच सम्मान बढ़ता है।​​​​​​

सवाल: गंभीर मुकदमों के बाद भी आप पर असर क्यों नहीं?
जवाबः सच की ताकत हमेशा हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। सत्य की विजय होती है और होती भी आ रही है। झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजना न विचलित करता है, न प्रभावित। हम जिस सुख से जेल में रहते हैं उसी सुख से घर में रहते हैं। इसके लिए जरूरी है कि आप अपराध के कारण जेल नहीं गए हों। पूर्व सीएम मायावती ने झूठे मुकदमे दर्ज कराकर जेल भेजा था। हम जेल मंत्री भी रहे हैं और जेल में भी रहे हैं। हम पर और हमारे लोगों पर पुलिया की ईंट चोरी, ठेले वाले को पिस्तौल दिखाकर संतरे और केले की लूट जैसे मुकदमे दर्ज कराए। इनसे पर्दा हट चुका है।

सवाल: यूपी की राजनीति धर्म के आस-पास ही घूमती है, महंगाई-बेरोजगारी का मुद्दा क्यों मुखर नहीं हो पाता है?
जवाबः महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा देश की आजादी से चला आ रहा है। जब तक दुनिया रहेगी तब तक यह मुद्दा उठता रहेगा। यह सच है कि महंगाई बढ़ती जा रही है और इसे रोकना सरकार का दायित्व होता है। रुपए का मूल्य घट रहा है और डॉलर का बढ़ रहा है। हालांकि आदमी की आय भी बढ़ी है।

सवाल: भाजपा का श्रीराम के नाम पर वोट मांगना उचित है?
जवाबः एक विदेशी आक्रांता ने श्रीराम मंदिर ध्वस्त कर मस्जिद बनवा दी थी। आज हम लोकतंत्र में जी रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार, मंदिर का निर्माण हो रहा है। इससे किसी को दिक्कत नहीं। कोई कुंठित है और उसका काम हर बात में कमी निकालना ही है तो वह निकालेगा। श्रीराम जन्मभूमि निर्माण में हर उस व्यक्ति का योगदान है जो मंदिर बनने के पक्ष में है। अन्य धर्म में पैगंबर आए। संदेश वाहक आए, लेकिन श्रीराम व श्रीकृष्ण हिंदू धर्म में साक्षात ब्रह्म के रूप में अवतरित हुए।

सवाल: आपको बाहुबली विधायक बोलते हैं तो आपको कैसा लगता है?
जवाबः बाजुओं में बल होना चाहिए साहब…वो निर्भर इस बात पर करता है कि आप उस बल का प्रयोग कहां करते हैं? जनहित में करते हैं, शोषित-पीड़ितों की मदद करते हैं या उनको सताने के लिए करते हैं। हम हमेशा पीड़ित-शोषित-कमजोर वर्ग की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उनको बल देने के लिए अगर हमें बाहुबल का प्रयोग करना पड़े तो करते रहे हैं और करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *