यूपी चुनाव 2022 … पांचवें चरण में सपा के 71 फीसदी प्रत्याशी दागी, भाजपा के सबसे ज्यादा करोड़पति प्रत्याशी, पढ़ें पूरी सूची
उत्तर प्रदेश में तीन चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद सबकी नजर बाकी चार चरण के चुनाव पर है। इस बीच, देश की राजनीतिक हस्तियों का लेखा-जोखा तैयार करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने पांचवें चरण के प्रत्याशियों की रिपोर्ट जारी की है।
27 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर पांचवे चरण के चुनाव होने हैं। इन 61 सीटों पर कुल 693 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिन जिलों में चुनाव होने हैं, उनमें अमेठी, अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, चित्रकूट, गोंडा, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, श्रावस्ती और सुल्तानपुर शामिल हैं।
चुनाव लड़ रहे 693 में से 685 प्रत्याशियों के हलफनामे पर तैयार की गई एक विशेष रिपोर्ट को एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने जारी की है। इसमें राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के बारे में सारी जानकारी दी गई है। मसलन किस पार्टी ने कितने आपराधिक छवि वाले नेताओं को टिकट दिया? किसने कितने करोड़पति उम्मीदवार उतारे हैं? कितनी महिलाएं चुनाव लड़ रहीं हैं और कितने शिक्षित इस बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं?
पेश है पूरी रिपोर्ट…
इस बार कितने दागी मैदान में ?
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार पांचवे चरण में कुल 27% यानी 185 प्रत्याशी आपराधिक छवि वाले हैं। मतलब इनपर कोई न कोई आपराधिक मामले जरूर दर्ज हैं। इनमें भी 141 ऐसे प्रत्याशी हैं, जिनपर गंभीर आरोप लगे हैं।
इसके पहले चार चरणों में कितने दागी थे?
चरण | दागी प्रत्याशियों की संख्या व प्रतिशत |
पहला | 156 (25%) |
दूसरा | 147 (25%) |
तीसरा | 135 (22%) |
चौथा | 167 (27%) |
पांचवा | 185 (27%) |
दागियों को सबसे ज्यादा सपा ने दिए टिकट
आपराधिक छवि वाले सबसे ज्यादा प्रत्याशी समाजवादी पार्टी में हैं। शुरुआत के तीन चरणों में भी समाजवादी पार्टी और गठबंधन ने सबसे ज्यादा दागियों को प्रत्याशी बनाया था। इस बार सपा के 71% प्रत्याशी दागी हैं। इनमें भी 49% ऐसे हैं, जिनपर गंभीर आरोप लगे हैं। दूसरे नंबर पर अपना दल (सोनेलाल) है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी ने 57% प्रत्याशी ऐसे बनाए हैं, जिनकी छवि आपराधिक है। तीसरे नंबर पर भाजपा के 48% और चौथे नंबर पर बसपा के 38% प्रत्याशी आपराधिक छवि वाले हैं। कांग्रेस ने 38% और आम आदमी पार्टी ने 19% दागियों को टिकट दिया है।
