नगर निगम का आउटसोर्सिंग कर्मचारी है अरबों का मालिक:वित्त्तमंत्री से की गई शिकायत; कहां से कमा ली 239 करोड़ की संपत्ति

आगरा नगर निगम का एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी एक बार फिर चर्चा में है। सपोर्ट इंडिया संस्था के अध्यक्ष अधिवक्ता सुरेश चंद्र सोनी ने उसके खिलाफ जांच के लिए वित्त मंत्री से लेकर आगरा के तमाम अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता का आरोप है कि पिछले कुछ सालों में उक्त कर्मचारी को नगर निगम से सात लाख तनख्वाह मिली है। मगर, आज वह अरबों रुपए की चल-अचल संपत्ति का मालिक है।

अधिवक्ता सुरेश चंद्र सोनी का आरोप है कि नगर निगम में कई साल पहले सिकंदरा निवासी राकेश बंसल को 5 हजार रुपए मासिक वेतन पर रखा गया था। इसके बाद भ्रष्टाचार की सीढ़ी चढ़ते हुए उसने नगर आयुक्त के पीए के तौर पर तैनाती करा ली। आउटसोर्सिंग कर्मचारी की लगातार शिकायतें मिलने के बाद उसे अगस्त, 2020 में हटा दिया गया। हटाने के समय उसकी तनख्वाह 19 हजार 200 रुपए थी। इसके बावजूद भ्रष्टाचार करते हुए उसने करीब 239 करोड़ की संपत्ति बना ली। उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की नगर निगम के ठेकेदारों की शिकायत पर मंडलायुक्त के पास जांच चल रही है।

अधिवक्ता का यह है आरोप

सुरेश चंद्र सोनी का आरोप है कि राकेश एक बार फिर नगर निगम में घुसपैठ बना रहा है। दो साल से अधिक समय हो जाने के बाद भी उसकी जांच ठंडे बस्ते में पड़ी है। उसकी जांच अगर निष्पक्ष तरीके से हो, तो 12 अधिकारी भी फंसेंगे। इतना बड़ा भ्रष्टाचार कोई अकेले नहीं कर सकता है। NEW CHINAR ELECTROSTATE नाम से राकेश ने अपनी कंपनी बनाकर उसके द्वारा नगर निगम से 20 लाख से अधिक का भुगतान कराया है।

तनख्वाह 5 हजार और मॉल का मालिक

सुरेश चंद्र सोनी ने मामले की शिकायत वित्त मंत्री से की है। उन्होंने राकेश की संपत्तियों के दस्तावेज भी दिए हैं। इनके अनुसार, उसका नोएडा में अपना शॉपिंग मॉल है। तीन गाड़ियां, रायफल के साथ करोड़ों की जमीन, तीन कोठियां और परिवार वालों के नाम भी करोड़ों की संपत्ति है। उसके परिवार का कोई भी व्यक्ति कोई व्यापार नहीं करता है, फिर भी उसके पास अकूत संपत्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *