ग्वालियर : नगरीय निकाय चुनाव का रिजल्ट आने के बाद अवैध कॉलोनियों को वैध करने की कार्रवाई रफ्तार पकड़ेगी
- निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में संभागायुक्त एवं प्रशासक ने निगमायुक्त को दिए निर्देश
नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम आने के बाद एक बार फिर से शहर में 429 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का काम शुरू होगा। उनके एस्टीमेट बनाकर विकास कार्य कराए जाएंगे। इधर, अब स्वच्छ सर्वेक्षण में वार्ड मॉनीटरिंग के कार्य में लगे अपर आयुक्त से लेकर इंजीनियरों को मुक्ति दी जाएगी।
शहर की सफाई व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी निगम के स्वास्थ्य विभाग पर ही रहेगी। निगम इसके लिए वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी और सफाई निरीक्षक (एसआई) को ज्यादा जिम्मेदारी देने जा रहा है। वे भविष्य में जोनल स्वास्थ्य अधिकारी कहलाएंगे।
यह फैसला शुक्रवार को निगम मुख्यालय में आयोजित एक बैठक में संभागायुक्त और प्रशासक आशीष सक्सेना ने प्रशासक का कार्यकाल खत्म होने के चंद दिनों पहले यह व्यवस्था करने के निर्देश आयुक्त किशोर कन्याल को दिए। उन्होंने इस दौरान निगम के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अपर आयुक्त अतेंद्र सिंह गुर्जर, मुकुल गुप्ता, रजनी शुक्ला, अधीक्षण यंत्री जेपी पारा सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।