MP में नीट-नर्सिंग घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन … -12 लाख हिंदू बच्चों से अन्याय

पुलिस से भिड़े कांग्रेसी, वाटर कैनन से खदेड़ा
MP में नीट-नर्सिंग घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन; दिग्विजय बोले-12 लाख हिंदू बच्चों से अन्याय

भोपाल में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और पूर्व CM दिग्विजय सिंह समेत कई नेता शामिल हुए। दिग्विजय सिंह ने कहा- नीट जैसी परीक्षा में हो रहे घोटाले से 12 लाख से ज्यादा हिंदू परिवारों के बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। आरएसएस और बजरंग दल के लोग इसके खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाते? उज्जैन में कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया।

भोपाल में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए।
भोपाल में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए।

जबलपुर: कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव
जबलपुर में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता ने कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। जब उन्होंने बैरिकेड्स लांघने की कोशिश की तो पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने करीब 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। कांग्रेस ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया है।

जबलपुर में कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और उन्हें खदेड़ा।
जबलपुर में कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और उन्हें खदेड़ा।

भोपाल: दिग्विजय बोले- 12 लाख हिंदू बच्चों के साथ अन्याय

भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा- नीट जैसी परीक्षा में हो रहे घोटाले से 12 लाख से ज्यादा हिंदू परिवारों के बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। क्या मोहन भागवत बताएंगे कि आरएसएस के लोग इस मामले में कुछ करेंगे? नेट एग्जाम में जब शिकायत आई तो उसे कैंसिल कर दिया। लेकिन, नीट में साढे़ 14 लाख बच्चों का भविष्य निर्भर है, उसे रद्द नहीं किया।

दिग्विजय सिंह ने पूछा- वो लोग कहां हैं जो हिंदुओं का ठेका लिए रहते हैं। परीक्षार्थियों में से कितने मुसलमान होंगे जिन्होंने परीक्षा दी है। 5-10% मुसलमान होंगे बाकी तो 90 प्रतिशत यानी 12 लाख बच्चे हिंदू ही हैं। बजरंग दल वाले मेरे खिलाफ रोज बयान देते हैं। वो हिंदुओं के बच्चों के हक में आवाज क्यों नहीं उठाते?

दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा और आरएसएस का स्वरूप एक जैसा है। खाओ और खाने दो की मानसिकता पर काम करते हैं। अधिकारियों- कर्मचारियों के साथ मिलकर लूटते हैं। जहां-जहां भाजपा का राज रहा है ऐसा हुआ है। जब से मोदी सरकार आई है घोटाले हो रहे हैं। एक भी घोटाले में न तो उन्होंने जांच कराई और न अपना मुंह खोला।

हर नियुक्ति में हुआ घपला

दिग्विजय सिंह ने कहा, भाजपा के राज में जितनी भी नियुक्तियां हुई हैं वहां घपला हुआ है। चाहे वह एमपी हो, या छत्तीसगढ़ हो, यूपी या राजस्थान हो। पहले तो मध्य प्रदेश की यही बदनामी होती थी कि व्यापमं के डॉक्टर से इलाज नहीं कराएंगे। अब तो नीट में घोटाला हो गया। अब नीट के जरिए जिनकी भर्ती होगी, वो एम्स में पहुंच जाएंगे। अब जानकारी मिल रही है कि जिन्होंने पहले फॉर्म भरा उन्हें पहले कॉलेज मिल जाएगा। यह सब घपले का तरीका है।

NTA चेयरमैन इस्तीफा दें

दिग्विजय सिंह ने कहा- प्रदीप जोशी जब एमपीपीएससी के अध्यक्ष बने तब परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई। छत्तीसगढ़ गए तो वहां पेपर लीक हुआ। यूपीएससी गए तो वहां भी शिकायतें आती थी। लेकिन, उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। ऐसे ही व्यक्तियों को भाजपा चुनती है जो कि खुद खाएं और खिलाएं, मनमर्जी से अपना काम करें।

हमारे केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने प्रदीप जोशी के बारे में एक शब्द नहीं कहा, और प्रदीप जोशी उन्हें भी गलत जानकारी दे रहे हैं। मंत्री जी भले ही इस्तीफा ना दें लेकिन कम से कम एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप जोशी का इस्तीफा तो ले लीजिए।

मुझे मुस्लिम परस्त कहते हैं

दिग्विजय ने कहा- लाड़ली बहना का हम ही लोगों ने सुझाव दिया था। जो मामा जी ने पकड़ लिया। और यहां से वहां पहुंच गए। जहां जहां पैर पडे़ संतन के, वहां-वहां एग्जाम लीक। पहले व्यापमं अब आ गई नीट। संघर्ष हमारा जीवन है, लड़ना है तो कानून तोड़ने की जरूरत नहीं, लेकिन माइंडगेम खेलने की जरूरत है। जहां बैठो वहां इनकी बेइमानी, भ्रष्टाचारी और दलाली की चर्चा करो।

जब तक ये नहीं करोगे आगे नहीं बढ़ पाओगे। मुझ पर आरोप लगता है दिग्विजय सिंह मुस्लिम परस्त है। दिग्विजय सिंह ना हिन्दू परस्त हूं ना मुस्लिम परस्त हूं। मैं भारतीय परस्त हूं।

प्रदर्शन में एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे।
प्रदर्शन में एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे।

जीतू पटवारी ने कहा- बच्चों की बौद्धिक हत्या हो रही

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- देश मे बच्चों को बौद्धिक न्याय मिलेगा या नहीं? बच्चों की बौद्धिक हत्या अगर कहीं से शुरुआत हुई तो वह मध्य प्रदेश है। पहले व्यापमं के माध्यम से बच्चों के भविष्य को इन्होंने रौंदा। पुलिस भर्ती परीक्षा में घपले हुए, वन रक्षक, सहकारी बैंकों में भर्ती का घोटाला हुआ। मध्यप्रदेश को घोटालों की नर्सरी बना दिया।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार घोटाला को संरक्षित करती है। नरेंद्र मोदी पेपर लीक करवाते हैं। भाजपा के मुख्यमंत्री और मंत्री घोटाला करवाते हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग घोटाले में मास्टरमाइंड महेंद्र गुप्ता की जांच होना चाहिए। इस घोटाले का मास्टरमाइंड महेंद्र गुप्ता किसका ओएसडी है। इस घोटाले के लिए दोषी मंत्री से इस्तीफा क्यों नही लिया जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *