अब विदेशों तक पहुंचने लगी किसान आंदोलन की गूंज, किसानों के समर्थन में पॉप स्टार रिहाना के बाद ग्रेटा थनबर्ग भी उतरीं

भारत में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन की गूंज अब विदेशों तक में सुनाई देने लगी है। दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीने से अधिक समय से आंदोलन पर बैठे किसानों के समर्थन में दुनियाभर से लोग ट्वीट कर रहे हैं और अपना समर्थन जता रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना के बाद अब जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी किसानों को अपना समर्थन दिया है। जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी ट्वीट कर किसानों के समर्थन में एकजुटता दिखाई है।

किसान आंदोलन से जुड़े एक खबर को शेयर कर जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने मंगलवार की देर रात लिखा, ‘हम भारत में चल रहे किसान आंदोलन के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’

दरअसल, इंटरनेशनल पॉप स्टार रिहाना के ट्वीट के कुछ ही घंटों बाद ग्रेटा थनबर्ग का यह ट्वीट सामने आया है। रिहाना ने भी ट्वीट कर किसानों के प्रति अपनी एकजुटता दिखाई और कहा कि आखिर इस बारे में कोई क्यों नहीं बात कर रहा है। रिहाना का यह ट्वीट उस खबर पर आया है, जिसमें प्रदर्शनस्थल पर इंटरनेट सर्विस बैन की बात को प्रकाशित किया गया है।

दरअसल, 32 वर्षीय रिहाना विश्व स्तर की पहली स्टार हैं, जिन्होंने किसान आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने सीएनएन के एक लेख के साथ ट्वीट किया, ”हम इसके बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं? हैशटैग किसान आंदोलन। रिहाना के ट्विटर पर दस करोड़ से अधिक फॉलोअर हैं और उनका यह ट्वीट काफी वायरल हो रहा है।

इसके तुरंत बाद कंगना रनौत ने रिहाना के ट्वीट का जवाब दिया। रिहाना के ट्वीट पर कंगना रनौत ने जवाब देते हुए कहा, ‘कोई भी बात इसलिए नहीं कर रहा है, क्योंकि ये किसान नहीं, आतंकवादी हैं। जो भारत को बांटना चाहते हैं ताकि चीन हमारे देश पर कब्जा कर ले और यूएसए जैसी चाइनीज कॉलोनी बना दे। चूपचाप रहो बेवकूफ। हम तुम्हारे जैसे मूर्ख नहीं हैं, जो अपने देश को बेच दें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *