भाजपा ने बदला प्रत्याशी…:पांच दिन प्रचार कर लिया तब बदला नाम, अब ऊर्जा मंत्री के चहेते को मिला टिकट
- – आम कार्यकर्ताओं में रोष, बोले-ईंट से ईंट बजा देंगे
ग्वालियर में वार्ड-07 से भाजपा प्रत्याशी ममता भदौरिया ने पांच दिन प्रचार कर लिया। वार्ड में वाहन रैली निकाल दी, करीब दो लाख रुपए की चुनाव सामग्री छपवा ली। उसके बाद उनको पता लगता है कि उनका टिकट वापस ले लिया गया है। उनके बदले ऊर्जा मंत्री के करीबी वंदना आशीष तोमर को भाजपा ने वार्ड-07 से प्रत्याशी बनाया है।
अचानक टिकट वितरण के पांच दिन बाद यह फरमान क्षेत्र के लोगों को गले नहीं उतर रहा है। स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया और नारेबाजी की है। लोगों का आरोप है कि नया घोषित प्रत्याशी ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का खास है और केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के दबाव के चलते यह बदलाव हुआ है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर में 17 जून की रात भाजपा ने अपने प्रत्याशियो के नाम घोषित किए थे। यह नाम बहुत ही सोच विचारकर और पैनल में हर कसौटी पर कसकर निकाले गए थे। नगर निगम के वार्ड -07 में भाजपा ने दिवंगत नेता धर्मेन्द्र भदौरिया की पत्नी ममता धर्मेन्द्र भदौरिया को प्रत्याशी बनाया था। दूसरे नंबर पर ऊर्जा मंत्री तोमर के चहेते आशीष तोमर की पत्नी वंदना आशीष तोमर का नाम था। 18 जून से ही नाम घोषित होने के बाद ममता भदौरिया ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। उन्होंने अपने क्षेत्र में रैली तक निकाल दी। इतना ही नहीं करीब दो से ढाई लाख रुपए की चुनाव सामग्री भी छपकर तैयार है।। अब उनको चुनाव सामग्री बांटने और प्रचार को एक कमान देने के लिए चुनावी कार्यालय का शुभारंभ करना था। इसलिए वह भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के पास कार्यालय की इजाजत लेने पहुंची थी। तब उनको रुकने के लिए कहा गया। मंगलवार रात ममता भदौरिया के पास कॉल आया कि अब वह प्रत्याशी नहीं है। उनके बदले वंदना आशीष तोमर को टिकट फाइनल किया गया है। वह अब प्रचार न करें। यह सुनते ही वह नाराज हुई और जब यह बात स्थानीय लोगों को पता लगी तो बुधवार का हंगामा खड़ा हो गया है।
लोग बोले-प्रत्याशी ममता ही चाहिए
अचानक प्रत्याशी बदलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग नाराज हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि प्रत्याशी के रूप में ममता भदौरिया नहीं मिलती हैं तो भाजपा को सबक सिखा देंगे। साथ ही लोगों ने नारेबाजी की है कि तानाशाही नहीं चलेगी। आम कार्यकर्ता की हत्या कर मंत्रियों के चापलूसी करने वालों को इस तरह से टिकट दिए जाने पर काफी नाराजगी जताई है।
हां प्रत्याशी बदला गया है
जब इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संगठन ने यह नाम बदला है। अब वार्ड-07 से ममता भदौरिया के स्थान पर वंदना आशीष तोमर भाजपा के प्रत्याशी होंगे।