gwalior … दिन-रात के तापमान में सिर्फ 3.3 डिग्री का अंतर, अधिकतम पारा 29.7 डिग्री एवं न्यूनतम 26.4 डिग्री दर्ज, फिलहाल उमस से राहत
- तीन दिन में 7.40 पारा लुढ़का, मौसम विभाग के अनुसार आज भी हल्की बारिश के आसार
बारिश नहीं होने के कारण दो दिन पहले तक शहरवासी उमस से परेशान थे। तीन दिन के दौरान अधिकतम तापमान में 7.4 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को दिन व रात के तापमान में महज 3.3 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। इससे उमस से राहत मिली गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी शहर में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
अब तक शहर में 194.2 मिमी बरसे बादल
शहर में अब तक 194.2 मिमी बारिश हो चुकी है। हालांकि अब तक के कोटे से यह 41.9 मिमी कम है। अब तक बारिश का कोटा 236.1 मिमी है। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री गिरावट के साथ 29.7 डिग्री दर्ज किया गया।
यह सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़त के साथ 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 94 फीसदी रही। यह सामान्य से 14 फीसदी अधिक रही। जबकि शाम की आर्द्रता 85 फीसदी रही।
कई जगह हुआ जल भराव, सीवर सक्शन मशीन से निकाला पानी, लोग हुए परेशान
- बारिश शुरू होते ही शहर में जगह-जगह सड़क पर जल भराव की स्थिति बन रही है। इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, बारिश के मौसम में निगम को सड़क किनारे नालियां बनाने की सुध आई है।
- नदी गेट और मोती तबेला की तरफ नाली निर्माण चल रहा है। जबकि यहां पर सड़क का डामरीकरण एक महीना पहले ही किया गया है। गुरुवार को रात में तेज एवं शुक्रवार को मध्यम बारिश हुई। इससे शहर में उक्त जगहों पर जल भराव हो गया।
- गोले का मंदिर: यहां पर जल भराव की सूचना के बाद सीवर सक्शन मशीन की मदद से पानी को निकालने का काम किया गया।
- बाल भवन: फायर बिग्रेड आॅफिस के पास निगम अमले ने पानी की निकासी की।
- चेतकपुरी मार्ग: यहां नाली है, लेकिन सफाई न होने से पानी भर जाता है। पास सड़क किनारे बने मकानों में पानी पहुंच जाता है।
- झांसी रोड पर गड्ढे भरे: झांसी रोड पर जलभराव से गड्ढे हो गए थे। भास्कर ने 22 जुलाई के अंक में खबर प्रकाशित की थी। निगम की टीम ने रोड पर गड्ढों को मुरम और गिट्टी से भरा।
सड़क निगम की हो या लोनिवि की। बारिश में खराब होती है, तो जनहित को ध्यान में रखकर गड्ढे भरते हैं। -निगमायुक्त किशोर, कन्याल
आमखो से पुराना आरटीओ ऑफिस मार्ग
यहां स्मार्ट सिटी ने मार्ग बनाने के लिए सड़क खोदकर डाल दी है। यहां रहने वाली डाॅ. मीता राठौर का कहना है कि बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया है और यहां पैदल चलना मुश्किल हो रहा है।