विश्वास सारंग ने पत्र में लिखा- दिग्विजय को ‘गुंडा कांग्रेस’ का अध्यक्ष बना दिया जाए

शिवराज के मंत्री की सोनिया गांधी को सलाह …?

भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में हुए हंगामे को लेकर राजनीति गरमा गई है। मंत्री विश्वास सारंग ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने सोनिया गांधी से मांग की है कि दिग्विजय सिंह को गुंडा कांग्रेस का अध्यक्ष बना देना चाहिए। सारंग ने दिग्विजय की वह वायरल तस्वीर भी उन्हें भेजी है। जिसमें दिग्विजय सिंह कथित रूप से पुलिस अधिकारी की कॉलर पकड़ते दिखाई दे रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने कानून हाथ में लिया : सारंग

सारंग ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जिला पंचायत के चुनाव रोकने के लिए गुंडागर्दी की गई। सैकड़ों की भीड़ जमा कर कानून को हाथ में लेने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने मेरे साथ बदतमीजी की और ACP उमेश तिवारी के साथ भी झूमाझटकी कर मारपीट की। उन्होंने कहा, दिग्विजय सिंह की इससे पहले भी पैरामेडिकल जवान के साथ गुंडागर्दी करने की तस्वीर सामने आई है। दिग्विजय सिंह की गुंडों वाली मानसिकता है।

पढ़िए सारंग का सोनिया गांधी काे लिखा लेटर

‘मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय और जिला पंचायत चुनाव के दौरान आपकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद दिग्विजय सिंह के आचरण के संबंध में आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। कल संपन्न हुए भोपाल जिला पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने अति कर दी। दिग्विजय सिंह ने असामाजिक तत्वों को साथ लेकर कल जिला पंचायत भोपाल के कार्यालय के सामने भारी आतंक मचाया। उन्होंने ना सिर्फ चुने हुए प्रतिनिधियों को चुनाव में भाग लेने रोकने का प्रयास किया, बल्कि पुलिस अधिकारियों के साथ झूमाझटकी की और मारपीट भी की, जिसकी फोटो संलग्न है। दिग्विजय सिंह इसके पूर्व भी जवानों के साथ मारपीट कर चुके हैं। भोपाल नगर निगम चुनाव के दौरान भी उन्होंने इस तरह का बर्ताव किया था, जिसके कारण जनता ने कांग्रेस को बुरी तरह से नकार दिया था। दिग्विजय सिंह लोकतंत्र को इसी तरह से कुचल रहे हैं, क्योंकि वह कभी भी राघोगढ़ और राजगढ़ के चुनाव इमानदारी से नहीं जीते हैं। हमेशा इसी तरह की गुंडागर्दी कर पोलिंग बूथ को लूट कर चुनाव जीते हैं। अब जनता उनकी इस गुंडागर्दी का मुंहतोड़ जवाब देने लगी है, इसलिए वह लगातार चुनाव हार रहे हैं। दिग्विजय सिंह की गुंडागर्दी वाले आचरण को देखते हुए मेरी आपसे सलाह है कि उन्हें गुंडा कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया जाए’

जिला पंचायत चुनाव में दिग्गी के फ्रंटफुट पर रहने से विवाद गहराया

दरअसल शुक्रवार को भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा और MLA आरिफ मसूद के साथ जिला पंचायत दफ्तर पर सुबह साढे़ 10 बजे ही डट गए थे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य को लेकर मतदान स्थल के अंदर भाजपा विधायक और नेताओं के प्रवेश को लेकर दिग्गी का विवाद हुआ। जिला पंचायत कार्यालय में अंदर जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई । दिग्विजय सिंह का इसी विवाद के दौरान का एक पुलिस अधिकारी की कथित रूप से कॉलर पकड़ने का फोटो वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *