गोंडा पुलिस ने गैंगरेप को बना दिया छेड़छाड़ …पीड़िता की तहरीर बदली, वीडियो सामने आया तो गैंगरेप में FIR, 4 युवकों ने की थी दरिंदगी
चित्रकूट में थाने के अंदर किशोरी के साथ दरिंदगी की मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि गोंडा पुलिस का नया कारनामा उजागर हुआ है। यहां एक किशोरी के साथ हुए गैंगरेप जैसे गंभीर मामले पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज कर मामले को रफा-दफा कर दिया। हालांकि बुधवार को जब घटनाक्रम का वीडियो सामने आया तो गैंगरेप में केस दर्ज हुआ है।
आरोप है कि ऑटो से खींचकर युवती के साथ 4 युवकों ने गैंगरेप किया था। युवती अपनी आंटी के साथ जा रही थी। लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर बदलवा दी। यह पूरा मामला धानेपुर थाना क्षेत्र का है।
आंटी और दोस्त के साथ निकली थी युवती
दरअसल, 23 अप्रैल को धानेपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती अपनी आंटी और एक दोस्त के साथ ऑटो से घूमने जा रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में सूनसान जगह पर चार युवकों ने ऑटो रोक लिया। तीनों को नीचे उतारने के बाद ऑटो वाले को वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने लड़की के कपड़े उतरवाए। उसके साथ गैंगरेप किया।
विरोध करने पर उसके दोस्त को जमकर पीटा। लड़की आंटी दोनों को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन दबंगों ने इसके बाद भी उसे नहीं छोड़ा। बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की की शादी होने वाली थी।
एएसपी ने दिया था मुकदमे का आदेश
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उसकी मां से जबरन तहरीर बदलवा ली। जबकि उसने पुलिस को दिए बयान में अपने साथ चार युवकों द्वारा दरिंदगी किए जाने की बात कही थी। उसका कहना है कि पुलिस ने आरोपियों से पैसे लेकर मुकदमा लिखने में खेल किया है। पीड़िता ने बताया कि उसने एएसपी के सामने पेश होकर अपने साथ चार युवकों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया था। इसके बाद भी धानेपुर थाने पहुंचने पर पुलिस ने मामला छेड़खानी में दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि पीड़िता ने जो तहरीर धानेपुर थाने पर आकर दी है उसके मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सिंहपुर गांव के रहने वाले मुकेश तिवारी, रोहित पांडेय, नरायन शर्मा व दिनेश तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता के घर पहुंची फोर्स
बुधवार दोपहर एक जीप और बाइक से करीब 10-15 पुलिसवाले पीड़िता के घर पहुंचे। अपनी मां की दवा लेने गई गोंडा गई पीड़िता के घर घुसकर पुलिस ने खूब तलाशी ली। घटना के वक्त उसकी दो बहनें की घर पर थीं। यही नहीं लौटते वक्त पुलिस ने बयान लेने वास्ते अपने कब्जे ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस पीड़िता का मेडिकल कराने के लिए जिला मुख्यालय ले गई।
![एसपी शिवराज प्रजापति ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/05/04/new-project-13_1651688653.jpg)
एएसपी बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
उधर, एएसपी शिवराज प्रजापति ने बताया कि धानेपुर थानाक्षेत्र एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कुछ लोग किशोरी के साथ छेड़छाड़ करके उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बना रहे हैं। पुलिस को इसकी सूचना मिली थी। तहरीर में चार लोगों को बताया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मां-बेटी से भी पूछताछ की जा रही है।