भिंड में पुलिस की वर्दी में आए थे हत्यारे …?

व्यापारी की बेटी की हत्या और लूट में पुलिस को मिले अहम सुराग, 3 को पूछताछ के लिए उठाया …

भिंड जिले के गोहद कस्बे में दिनदहाड़े बर्तन व्यापारी के घर लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस मामले का खुलासा 24 घंटे बाद भी पुलिस नहीं कर सकी। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पुलिस पकड़ लेगी। इस मामले में तीन को पूछताछ के लिए उठाया है। जिनसे अहम सुराग हाथ लगने की बात कही जा रही है। इस सनसनी वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है। गोहद कस्बे के बर्तन कारोबारी रामकिशोर लोहिया के घर रविवार की शाम पुलिस की वर्दी दो और एक बदमाश सादे ड्रेस में आए। उन्होंने शटर को खटखटाया। बदमाशों ने झांसा दिया कि आपके बेटा लकी के दोस्त के पास से हथियार पकड़े हैं। कारतूस व अन्य हथियारों की तलाश आपके घर में करनी है। झांसे में आकर व्यापारी ने घर का गेट खोल दिया। अंदर जाकर बदमाशों ने हाथ की सफाई दिखाई। इस समय व्यापारी की लड़की रिंकी ने बदमाशों की हरकत को देखा तो विरोध किया और चिल्लते हुए बोली- पापा ये पुलिस नहीं है, चोर हैं। ये सुनते ही बदमाश हावी हो गए। बदमाशों ने बेटी रिंकी और व्यापारी रामकिशोर को काबू करने के लिए बेटी के मुंह पर तिकिया रखकर दबा दिया। थोड़ी ही देर में दम घुटने से उसकी मौत हो गई। वहीं व्यापारी के मुंह में भी कपड़ा ठूंसकर बांध दिया था। इस दौरान घर का बेटा लकी बाहर था।

दरवाजा खुला देख पड़ोसी को हुआ शक

बदमाशों ने वारदात को चार से पांच बजे के बीच अंजाम दिया। घर के अंदर व्यापारी, उसकी बेटी और बेटा लकी रहता है। व्यापारी की पत्नी की मौत कुछ साल पहले हुई थी। वारदात के समय घर के अंदर बेटी व पिता थे। बेटा दोपहर दो बजे से गायब था। जब शाम करीब साढ़े सात बजे रामकिशोर लोहिया के घर का दरवाजा खुला दिखा तो पड़ोसी मुन्ना को संदेह हुआ। उसने घर में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। बेटी रिंकी बेसुध थी। वो तत्काल बाहर आया और उसने लोगों को घटना बताई। फिर वापस घर में गया आवाज लगाई तो लोहिया ने भी आवाज लगाकर उन्हें पुकारा। आसपास के लोगों के सहयोग से उन्होंने व्यापारी की रस्सियां खोली। सभी ने रिंकी को देखा तो वह अचेत थी। दम घुटने से उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर रात करीब 10 बजे पुलिस भी यहां पहुंची। रिंकी के शव को अस्पताल पहुंचाया। जहां पुलिस ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। ये घटना पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैली। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान भी देर रात मौके पर पहुंच गए थे।

विरोध में बाजार रहा बंद

व्यापारी के घर लूट व बेटी की हत्या के बाद व्यापारियों में आक्रोश छाया हुआ है। सोमवार को गोहद कस्बे के व्यापारी विरोध में उतर आए। उन्होंने पूरे क्षेत्र का बाजार बंद रखा। व्यापारियों के विरोध के बाद पुलिस भी सक्रिय दिखी। पुलिस ने व्यापारियों को समझाया। भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान पूरे समय गोदह में रहे। हर एक सुराग को बारीकी से टटोला जा रहा है। इस मामले में अब तक तीन लोगों को पुलिस ने उठाया।

पुलिस ने तीन लाेगों को उठाया

इस वारदात में बदमाशों ने पांच करोड़ के आसपास की लूट की है। हालांकि पुलिस की एफआईआर में बीस से पच्चीस लाख की लूट व हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। इस पूरे मामले में पुलिस को व्यापारी के बेटे को भी पूछताछ के लिए बैठाया है। हालांकि पुलिस को अहम सुराग लगे हैं। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य है। ये बदमाश मालनपुर क्षेत्र के आस पास के बताए जा रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने एक ज्वेलर्स को उठाया है जिसके पास से सोने के कुछ गहने मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, पुलिस व्यापारी के बेटे से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा एक अन्य बदमाश को भी पुलिस ने उठाया है। इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य तीन बदमाश हैं। जिनकी लोकेशन के आधार पर पुलिस की तीन पार्टी रवाना हुई है।

घर में होने लगी थी बेटी की शादी की तैयारी

व्यापारी लोहिया के नजदीकी सदस्यों ने बताया कि बेटी रिंकी की शादी पक्की हो चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थी। शादी को देवउठानी एकादशी के बाद होने जा रही थी। यह बताना उचित होगा कि व्यापारी के नौ बेटियां थी। जिसमें सबसे छोटी बेटी रिंकी थी जिसकी शादी की जानी थी। व्यापारी के स्वयं का जैविक बेटा नहीं था। करीब 23 साल पहले व्यापारी व उसकी पत्नी ने कैलारस से एक बेटे को गोद लिया था। आस पड़ोसियों का कहना है कि बेटा नशे का आदी है। उसकी संगत भी ठीक नहीं थी। इसलिए परिवार में पैसों को लेकर कलह करता था। पुलिस ने इसी शक के आधार पर व्यापारी के बेटे लकी से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *